कई बार अचानक किसी कार्यक्रम या बाहर जाने की तैयारी के बीच चेहरे के अनचाहे बाल परेशानी का कारण (Facial Wax) बन जाते हैं। ऐसे समय पार्लर जाना संभव नहीं होता और लोग घर पर ही कोई आसान उपाय तलाशने लगते हैं। खासकर महिलाएं ऐसे घरेलू तरीकों की खोज में रहती हैं जो जल्दी तैयार हो जाएं और त्वचा पर भी ज्यादा असर न डालें।
इसी बीच एक घरेलू नुस्खा काफी चर्चा में है, जिसमें रसोई में मौजूद चीनी और नींबू की मदद से वैक्स तैयार किया जाता है। बताया जाता है कि यह तरीका कम समय में तैयार हो जाता है और चेहरे के अतिरिक्त बाल हटाने में मदद कर सकता है।
चीनी और नींबू का मिश्रण क्यों खास : Facial Wax
इस घरेलू वैक्स में किसी प्रकार के रासायनिक तत्व नहीं होते। यही कारण है कि कई लोग इसे प्राकृतिक विकल्प के रूप में इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। यह मिश्रण बालों को जड़ों से निकालने में मदद कर सकता है और त्वचा को अपेक्षाकृत मुलायम महसूस करा सकता है।
वैक्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री
फेशियल वैक्स तैयार करने के लिए आधा कप पानी, आधा कप चीनी और तीन से चार नींबू का रस लिया जाता है। इन सामग्रियों की मदद से घर पर आसानी से वैक्स तैयार किया जा सकता है।
ऐसे तैयार करें घरेलू वैक्स
सबसे पहले एक बर्तन को गैस पर रखें। इसके बाद उसमें पानी, चीनी और नींबू का रस डाल दें। मध्यम आंच पर मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाएं। जब चीनी पूरी तरह पिघलकर शहद जैसी सुनहरी दिखाई देने लगे तो इसे पकने दें। मिश्रण का रंग गहरा सुनहरा या हल्का भूरा होने पर गैस बंद कर दें। इसके बाद इसे कुछ समय तक ठंडा होने के लिए छोड़ दें।
इस्तेमाल करने का तरीका
जब मिश्रण हल्का गुनगुना रह जाए तब इसे आवश्यकता अनुसार चेहरे के उस हिस्से पर लगाएं जहां अतिरिक्त बाल मौजूद हों। इसके बाद वैक्स को धीरे धीरे विपरीत दिशा में खींचकर (Facial Wax) हटाएं। इस प्रक्रिया से ऊपरी होंठ, ठुड्डी और भौंहों के आसपास के अतिरिक्त बाल हटाए जा सकते हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
वैक्स का उपयोग करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गर्म न हो। संवेदनशील त्वचा वाले लोग पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर इसका परीक्षण कर सकते हैं। यदि त्वचा पर जलन, एलर्जी या किसी प्रकार की परेशानी महसूस हो तो इसका उपयोग तुरंत बंद कर देना चाहिए।
