E-Bus Service Chhattisgarh : रायपुर समेत 4 शहरों में दौड़ेंगी 240 इलेक्ट्रिक बसें, कैबिनेट ने दी मंजूरी

छत्तीसगढ़ के शहरी परिवहन क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव आने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश के चार प्रमुख शहरों – रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और कोरबा में कुल 240 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
कैबिनेट ने योजना के तहत पेमेंट सिक्योरिटी मैकेनिज्म (PSM) के अंतर्गत डायरेक्ट डेबिट मैंडेट (DDM) को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे भारत सरकार के साथ वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी हो सकेंगी और बस संचालन में किसी प्रकार की बाधा (E-Bus Service Chhattisgarh) नहीं आएगी।
इन इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने से प्रदेश के लाखों यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये बसें प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ईंधन लागत में भी कमी लाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे शहरी क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम होगा और लोगों को निजी वाहनों पर निर्भरता घटाने का विकल्प मिलेगा।
ई-बस सेवा योजना के तहत संचालित होने वाली बसें वातानुकूलित, दिव्यांगजन अनुकूल और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से युक्त होंगी। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद (E-Bus Service Chhattisgarh) है। साथ ही यह पहल राज्य में हरित ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सरकार का कहना है कि इस योजना से न केवल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में यह परियोजना छत्तीसगढ़ के शहरी विकास मॉडल की एक महत्वपूर्ण पहचान बन सकती है।



