दुर्ग जिले में मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर पति–पत्नी गिरोह का पर्दाफाश किया है। भिलाई शहर के विभिन्न मंदिरों को निशाना (Durg Temple Theft Case) बना रहे इस गिरोह को छावनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से भगवान हनुमान जी का चांदी का मुकुट सहित चोरी गया पूरा धार्मिक सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान समय और पूजा के बीच के अंतराल का फायदा उठाकर मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इच्छापूर्ति मंदिर से हुई थी चोरी
यह मामला सर्कुलर मार्केट, कैंप-02 स्थित इच्छापूर्ति दुर्गा–गणेश मंदिर से जुड़ा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया (Durg Temple Theft Case) था। शिकायत में बताया गया कि 9 जनवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे मंदिर के पुजारी भोला महाराज गेट खोलकर स्नान के लिए अपने कमरे में चले गए थे। करीब दो घंटे बाद जब वे शाम 6 बजे वापस लौटे, तो मंदिर में रखे गए धार्मिक सामान गायब मिले। हनुमान जी की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट, स्टील के बर्तन और लड्डू गोपाल जी की पीतल की मूर्ति झूले सहित चोरी हो चुकी थी। चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई।
CCTV से खुला राज
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध पति–पत्नी मंदिर परिसर में आते-जाते नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर निगरानी शुरू की।
पूछताछ में कबूली चोरी
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध पति–पत्नी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार (Durg Temple Theft Case) कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब 48 वर्ष और पुरुष की उम्र लगभग 65 वर्ष है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है, जिसे जब्ती पंचनामा बनाकर सुरक्षित रखा गया है।
लंबे समय से कर रहे थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मंदिरों की रेकी कर रहे थे और ऐसे समय को चुनते थे, जब परिसर में भीड़ कम रहती थी। वे श्रद्धालुओं की तरह मंदिर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस ने दी चेतावनी
दुर्ग पुलिस ने मंदिर समितियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें और सीसीटीवी कैमरों (Durg Temple Theft Case) को सक्रिय रखें। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

