Dhamtari Leopard Attack: आमानारा में चार साल की बेटी को बचाने तेंदुए से भिड़ा पिता, ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा
कारीपानी और बस्तर बुडरा में भी हमलों से दहशत
कुलदीप साहू
नगरी/धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से लगे धमतरी जिले (Dhamtari Leopard Attack) के वनांचल में तेंदुए के लगातार हमलों से ग्रामीण दहशत में हैं। बीते तीन दिनों में आमानारा, कारीपानी और आसपास के गांवों में करीब 15 लोगों पर हमले की जानकारी सामने आई है। शुक्रवार सुबह आमानारा में तेंदुआ एक घर में घुस गया और रोटी खा रही चार साल की बच्ची पर झपट पड़ा। बेटी को बचाने के लिए पिता तेंदुए से भिड़ गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तेंदुए को पकड़ लिया। अलग-अलग गांवों में हुए हमलों में कई लोग घायल हुए हैं। उपचार के दौरान दो लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में इस कदर भय है कि घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
घर में रोटी खा रही बच्ची पर झपटा तेंदुआ
शुक्रवार सुबह आमानारा गांव में सुरेश मरकाम की चार वर्षीय बेटी सुहानी घर में बैठकर रोटी खा रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची पर हमला कर दिया। बेटी की चीख सुनकर पिता सुरेश मरकाम दौड़े और बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए (Dhamtari Leopard Attack) से भिड़ गए। उन्होंने किसी तरह बच्ची को उसके चंगुल से बचाया। इस बीच गांव में शोर मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। तेंदुए के हमले में सुरेश मरकाम सहित प्रभु प्रसाद और बीरबल नेताम के घायल होने की जानकारी है। घायलों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत होने की खबर है। हालांकि मृतक की पहचान और मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने घेरा, वन विभाग ने कब्जे में लिया
लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को घेरकर पकड़ लिया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को अपने कब्जे में लिया। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए का प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है। उसे जंगल सफारी भेजने की तैयारी है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जांच की जाएगी। तेंदुए में रेबीज की आशंका को देखते हुए भी परीक्षण कराया जाएगा। हालांकि वन विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि आमानारा में पकड़ा गया तेंदुआ ही पिछले दिनों कारीपानी और बस्तर बुडरा में हुए हमलों के लिए जिम्मेदार था या नहीं।
पत्नी की चीख सुनकर दौड़ा पति, तेंदुए ने सिर पर मारा पंजा
गुरुवार शाम करीब सात बजे बोरई पंचायत के आश्रित ग्राम कारीपानी में तेंदुआ घुस आया। जानकारी के अनुसार, तेंदुआ एक बैल का शिकार करने पहुंचा था। आवाज सुनकर घर से बाहर निकली महिला पर उसने हमला कर दिया। पत्नी को बचाने दौड़े तेजलाल नेताम, पिता गुहाराम नेताम, पर भी तेंदुआ (Dhamtari Leopard Attack) झपट पड़ा। हमले में तेजलाल के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना में दो महिलाओं सहित तीन लोगों के घायल होने की जानकारी है।
चलती बाइक पर झपटा तेंदुआ, घर में घुसकर बचाई जान
कारीपानी में ही बाइक से गुजर रहे सदाराम, पिता फूलसिंह, पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए को अपनी ओर झपटते देख सदाराम बाइक से कूद गए और जान बचाने के लिए पास के एक घर में घुस गए। हमले में घायल सदाराम को विश्रामपुरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। लगातार हमलों के कारण ग्रामीण खेतों और जंगल की ओर जाने से भी डर रहे हैं।
बस्तर बुडरा में गर्भवती महिला की मौत की खबर, जांच जरूरी
तेंदुए के हमलों से प्रभावित बस्तर बुडरा क्षेत्र में भी कई ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को विश्रामपुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें एक गर्भवती महिला की उपचार के दौरान मौत होने की खबर है। मृतका के नाम को लेकर रमशीला मंडावी की जानकारी सामने आई है। वहीं, आमानारा की घटना में भी एक ग्रामीण की मौत की सूचना मिली है। दोनों मामलों में मृतकों की पहचान, मृत्यु का कारण और आधिकारिक पुष्टि होना शेष है। वन विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की पुष्टि के बाद ही मौतों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
