Site icon Navpradesh

Dhamtari Gangrape Case : बीमार बेटी को ठीक करने का झांसा देकर महिला से सामूहिक अनाचार

Dhamtari Gangrape Case

धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बीमार बेटी को ठीक करने का झांसा देकर चार आरोपियों ने एक महिला के साथ सामूहिक अनाचार (Dhamtari Gangrape Case) किया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपितों ने न सिर्फ उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि धर्मांतरण का दबाव भी बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। यह पूरा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पांच दिन पहले पीड़िता ने मगरलोड थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी लंबे समय से बीमार है और चारों आरोपी नारायण महार, धनेश साहू, भुनेश्वर साहू और नंद साहू अक्सर प्रार्थना कर उसकी बेटी को ठीक करने का दावा करते थे। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने 17 नवंबर को उसे घर बुलाया और इलाज करने का बहाना बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Dhamtari Gangrape Case) किया।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी उससे लगातार कहते रहे कि अगर वह उनकी बात नहीं मानेगी, तो न तो उसकी बेटी ठीक हो पाएगी और न ही वह सुरक्षित रह पाएगी। यही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता से धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया और घटना की जानकारी किसी को देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। महिला ने हिम्मत जुटाकर इस घटना की शिकायत पुलिस में की। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और महिला की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीम ने 21 नवंबर की रात सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। 22 नवंबर को आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह के अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पीड़िता को हर संभव कानूनी और सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पूरा मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि अंधविश्वास और झांसा देकर महिलाओं के साथ अपराध किस तरह बढ़ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं ताकि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

Exit mobile version