भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह आईपीएल 2027 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार फ्रेंचाइजी ने उन्हें बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है। यदि यह नियुक्ति अंतिम रूप लेती है तो आईपीएल में यह युवराज का पहला कोचिंग कार्यकाल (COACHING ROLE) होगा। 2007 टी-20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप के नायक रहे युवराज पिछले कुछ वर्षों में युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल और टी-20 रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल अभिषेक शर्मा के निजी मेंटर के रूप में युवराज की भूमिका काफी प्रभावी मानी जाती है। खराब फॉर्म से जूझ रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी उनसे सलाह लेते रहे हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद है कि उनका अनुभव टीम के बल्लेबाजी विभाग को नई दिशा देगा।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में व्यापक बदलाव की तैयारी है। समझौते के तहत 2027-28 सीजन में टीम का संचालन जेएसडब्ल्यू समूह करेगा। इसके चलते मौजूदा सहयोगी स्टाफ (COACHING ROLE) में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। जीएमआर द्वारा नियुक्त वेणुगोपाल राव, हेमंग बदानी और मुनाफ पटेल की तिकड़ी की जगह नए चेहरों को जिम्मेदारी मिल सकती है।
बताया जा रहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली क्रिकेट निदेशक की भूमिका में बने रहेंगे, जबकि युवराज सिंह बल्लेबाजी कोच के रूप में टीम से जुड़ेंगे। दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक जीएमआर और जेएसडब्ल्यू के बीच हुए समझौते के अनुसार दोनों समूह पुरुष टीम के संचालन की जिम्मेदारी दो-दो वर्षों के लिए बारी-बारी से संभालते हैं।
युवराज सिंह ने 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला खेला था। अपने करियर में उन्होंने आईपीएल के 132 मैच खेले और कई यादगार पारियां खेलीं। पिछले दो सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही दिल्ली कैपिटल्स अब नए बल्लेबाजी कोच (COACHING ROLE) और बदले हुए सपोर्ट स्टाफ के सहारे टीम को नई दिशा देने की तैयारी में है।
