CM Vishnu Deo Sai: पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में 21 सहायक संचालकों की एकमुश्त नियुक्ति

भविष्य के शहरों को आकार देने का जिम्मा अब युवा टाउन प्लानर्स के कंधों पर: CM Vishnu Deo Sai

राज्य गठन के 25 वर्षों में हुई थीं कुल 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 पदों पर चयन

सीएम का आह्वान: नक्शा बनाने तक सीमित न रहे कार्य, जनहित, संवेदनशीलता और पारदर्शिता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

रायपुर । छत्तीसगढ़ के शहरों के सुनियोजित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार (CM Vishnu Deo Sai) ने नगर तथा ग्राम निवेश विभाग को बड़े पैमाने पर विशेषज्ञ मानव संसाधन से लैस किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित एक गरिमामय समारोह में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। राज्य गठन के 25 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इस विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति की गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल तात्कालिक जरूरतों को देखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के दृष्टिकोण से होना चाहिए।

25 वर्षों में सिर्फ 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 युवा अधिकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद बीते 25 वर्षों में विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की ही नियुक्ति हो सकी थी। अब एक साथ 21 युवा अधिकारियों की पदस्थापना से विभाग की कार्यक्षमता कई गुना बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में शहरीकरण की गति काफी तेज है। गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार हो रहा है और नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। ऐसे में आवासीय, व्यावसायिक, परिवहन, सीवरेज और नागरिक सुविधाओं के लिए दीर्घकालीन और वैज्ञानिक योजना बनाना अनिवार्य है। सीएम ने स्पष्ट किया कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे पास करने या लैंड-यूज तय करने तक सीमित नहीं है, इसका सीधा संबंध आम नागरिक के जीवन स्तर से है।

जनहित और पारदर्शिता को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को कर्तव्यबोध कराते हुए कहा कि शासन में बैठे अधिकारी का हर फैसला सीधे जनता को प्रभावित करता है। इसलिए सभी अधिकारी ईमानदारी, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्य करें। आम नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, ऐसी पारदर्शी कार्यप्रणाली विकसित की जाए। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका होगी और इसमें इन युवा प्लानर्स का तकनीकी ज्ञान व आधुनिक सोच मील का पत्थर साबित होगी।

ढाई वर्षों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री (CM Vishnu Deo Sai) ने युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए बताया कि राज्य सरकार पारदर्शी तरीके से नौकरियां देने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक शासकीय नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इनमें पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक और बिजली विभाग में 1,200 से अधिक पदों पर भर्तियां शामिल हैं। साथ ही नई औद्योगिक नीति के जरिए निजी क्षेत्र और स्वरोजगार के अवसरों का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्रियों ने भी बढ़ाया अधिकारियों का उत्साह

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ की नींव सुनियोजित शहरीकरण पर टिकी है। उन्होंने कहा, “आप सभी की भर्ती पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से हुई है। अब आपकी नैतिक जिम्मेदारी है कि यही सरलता और ईमानदारी जनता को आपके कार्यालयों में महसूस हो।”

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों के नवाचार और ऊर्जा से नगरीय नियोजन को नई गति मिलेगी और प्रदेश का आधारभूत ढांचा और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, संचालक अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं नवनियुक्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित थे।

↑
Exit mobile version