प्रयास के प्रतिभावान विद्यार्थियों को CM भूपेश ने किया सम्मानित

Prayas Pratibha Samman : विद्यार्थियों को लैपटाप के लिए 50-50 हजार रूपए के चैक सौंपे

रायपुर/नवप्रदेश। Prayas Pratibha Samman : महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह का आज शहादत दिवस है। इस अवसर पर सीएम हाउस में आयोजित स्वर्गीय राजीव गांधी स्मृति प्रयास आवासीय विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के शुरुआत में CM भूपेश ने शहीद वीर नारायण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संसदीय सचिव, विधायक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहादत दिवस पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में स्वर्गीय राजीव गांधी स्मृति प्रयास आवासीय विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रयास आवासीय विद्यालय में नक्सल पीड़ित जिलों और अनुसूचित क्षेत्रों के अध्ययनरत प्रतिभावान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर आईआईटी, एन.आई.टी., इंजीनियरिंग, मेडिकल, सी.एस. सी.ए.फाउंडेशन, सीएमए, नेशनल लॉ कॉलेज के पाठ्यक्रमों के लिए देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में आईआईटी में 27, एनआईटी एवं समकक्ष शैक्षणिक संस्थानों में 35, सीएस फाऊंडेशन में 5, क्लेट में दो, इंजीनियरिंग कॉलेज में 61 विद्यार्थी सफल हुए हैं। प्रयास आवासीय विद्यालय से आईआईटी में प्रवेशित विद्यार्थी को 40 हजार रूपए प्रति विद्यार्थी प्रति वर्ष प्रोत्साहन स्वरूप और आईआईटी और एनआईटी में प्रवेशित विद्यार्थियों को लैपटाप या लैपटाप के लिए राशि प्रदान की जाती है।

मुख्यमंत्री ने सम्मान समारोह में आईआईटी में प्रवेश प्राप्त करने वाले 27 तथा एन.आई.टी. और समकक्ष शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश प्राप्त करने वाले 35 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 50-50 हजार रुपए के चेक प्रदान किए।

Prayas Pratibha Samman

मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर वीर नारायण सिंह के दीन-दुखियों और गरीबों के लिए किये गए योगदान को याद करते हुए कहा है कि वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ महतारी के सच्चे सपूत थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उनकी प्रतिभा को तराशने और उन्हें अच्छे अवसर प्रदान करने की है।

प्रयास से विद्यार्थियों को मिल रहा अवसर – CM भूपेश

सीएम भूपेश ने कहा कि प्रदेश के नक्सल प्रभावित और अनुसूचित क्षेत्रों के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन के अच्छे अवसर प्रदान करने के लिए 200 सीटों के साथ वर्ष 2010 में प्रयास आवासीय विद्यालय प्रारंभ किए गए थे। आज प्रदेश में 9 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें सीटों की संख्या बढ़कर 4000 हो गई है। सीटों की संख्या बढ़ने से अब अधिक विद्यार्थियों को अच्छे अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में मिले अच्छे अवसर का ही परिणाम है कि अब तक प्रयास आवासीय विद्यालयों से आईआईटी तथा समकक्ष संस्थानों में 97 विद्यार्थियों, एनआईटी तथा ट्रिपल आईटी के समकक्ष संस्थानों में 261, सीए, सीएस, सीएमए में 29, इंजीनियरिंग कॉलेजों में 833, मेडिकल कॉलेज में 39 और क्लेट के माध्यम से 3 विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी आज आईआईटी कानपुर, खड़गपुर, बीएचयू, भुवनेश्वर, आईएसएम धनबाद, मंडी, पटना, आईआईएसटी तिरूवंतपुरम आदि संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष सफल हुए सभी विद्यार्थियों बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये विद्यार्थी जिन क्षेत्र से आए हैं, वहां के बच्चों को भी पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और जिस संस्थान में वे अध्ययनरत हैं, उसमें अच्छा स्थान प्राप्त कर प्रदेश और विद्यालय का नाम रौशन करें।

https://twitter.com/ChhattisgarhCMO/status/1469198804079370243
Exit mobile version