भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआइआर) को जनआंदोलन के रूप में चलाने का आह्वान किया है। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा (Chhattisgarh BJP) प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बुधवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में पार्टी ने जनता की एसआइआर प्रक्रिया में मदद करने और कांग्रेस पर प्रहार की रणनीति तय की।
भाजपा ने संभाग प्रभारियों व संयोजकों की नियुक्ति के साथ एक कंट्रोल रूम भी बनाया है, जिसके प्रभारी तय कर दिए गए हैं। कार्यशाला में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा (Chhattisgarh BJP) कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के नाम का दो बार मिलान करना होगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि एसआइआर अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पहले की तरह निर्णायक रहेगी और इसके जरिए बूथ समितियों को और सशक्त बनाया जाएगा।
‘फर्जी मतदान रोकना एसआइआर का मुख्य लक्ष्य’
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस के दुष्प्रचार के बीच भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी हो। उन्होंने कहा — “कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रहितों का विरोध किया है और फर्जी मतदान को बढ़ावा दिया है। अब भाजपा का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से ऐसे फर्जी मतदाताओं को चिन्हित कर रोका जाए।”
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला में आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, एसआइआर के प्रदेश संयोजक और विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रम की राजनीति को बढ़ावा दिया, जबकि यह अभियान देश को मजबूत बनाने वाला कदम है। उन्होंने कहा — “अगले 100 दिनों में भाजपा (Chhattisgarh BJP) कार्यकर्ताओं का समर्पण ही प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय करेगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, भाजपा पदाधिकारी, एसआइआर कार्यक्रम टोली के सदस्य और सभी जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
संभाग प्रभारियों की सूची
संभाग प्रभारी
रायपुर अखिलेश सोनी
दुर्ग अजय चंद्राकर
सरगुजा डॉ. विजय शंकर मिश्रा
बस्तर सौरभ सिंह
बिलासपुर शिवरतन शर्मा
कंट्रोल रूम के प्रभारी
भाजपा ने कार्यालय संचालक मोहन पवार को कंट्रोल रूम का प्रमुख बनाया है। सह-प्रभारी के रूप में वैभव वैष्णव, आलोक मेढ़ी, मनीष श्रीवास्तव, वात्सल्य मूर्ति और यजुवेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मुकेश तिवारी और अंकित द्विवेदी को कार्यालय सहायक के रूप में नियुक्त किया गया है।

