छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और निर्णायक खबर सामने (CGPSC Prelims Admit Card) आई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का आयोजन आगामी 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के सभी 33 जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर एक ही दिन संपन्न होगी। आयोग ने परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं, जिन्हें आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है।
आयोग से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में जनरल स्टडीज की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली में एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। दोनों परीक्षाओं के बीच पर्याप्त समय रखा गया है, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी दबाव के परीक्षा दे सकें।
परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने प्रवेश पत्र में दर्ज नाम, सरनेम और फोटो का मिलान अपने मूल पहचान पत्र से अनिवार्य (CGPSC Prelims Admit Card) रूप से कर लें। यदि किसी अभ्यर्थी के नाम या फोटो में किसी प्रकार का अंतर पाया जाता है, तो ऐसे अभ्यर्थी केवल नाम परिवर्तन से संबंधित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने पर ही परीक्षा में बैठ सकेंगे।
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी अपने साथ केवल लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंट आउट, तथा मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, ई-आधार, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट) ही लेकर जा सकेंगे। यदि प्रवेश पत्र पर फोटो अस्पष्ट या गलत छपा हो, तो ऐसी स्थिति में ही दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाने की अनुमति होगी। उत्तर लिखने के लिए केवल काले या नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग मान्य रहेगा।
आयोग ने परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त नियम लागू किए हैं। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की घड़ी (मैकेनिकल या स्मार्ट वॉच), मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, लॉग टेबल या अन्य संचार उपकरण साथ रखने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों में जैमर लगाए जाएंगे और किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ अनुचित साधन का मामला दर्ज किया जाएगा, चाहे उसका उपयोग किया गया हो या नहीं।
ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। जूते, मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर पहनना प्रतिबंधित (CGPSC Prelims Admit Card) रहेगा, केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर की अनुमति होगी। कार्गो और डिजाइनर कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल होने की इजाजत नहीं होगी। ठंड के मौसम को देखते हुए बिना जेब वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति दी गई है, जिसे जांच के समय उतारना अनिवार्य होगा।
महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती और दुपट्टा पहन सकती हैं, लेकिन कुर्ती की बांह आधी होनी चाहिए। साड़ी पहनने वाली महिलाओं के लिए भी ब्लाउज की बांह आधी होना अनिवार्य किया गया है। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण वर्जित रहेंगे। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की सशर्त अनुमति दी जाएगी, वह भी गहन जांच के बाद।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि मेटल डिटेक्टर, मैन्युअल तलाशी, फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय (CGPSC Prelims Admit Card) पर पूरी की जा सके। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। चिकित्सकीय आपात स्थिति में ही विशेष प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थी को चिकित्सालय ले जाया जा सकेगा, वह भी आयोग द्वारा निर्धारित कड़े नियमों के पालन के साथ।
