सरगुजा जिले में शुक्रवार रात अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। मैनपाट सड़क हादसा (CG Road Accident) में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
मैनपाट में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, तीन युवकों की मौत CG Road Accident
जानकारी के अनुसार नर्मदापुर-बिजलहवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर चोरकीडीह रघुनाथपुर निवासी अर्जुन विश्वकर्मा (25) अपनी ससुराल नर्मदापुर जा रहे थे। दूसरी बाइक पर कोट वंदना, सीतापुर निवासी गुड्डू मांझी (22) और विफल कुमार माझी (21) सवार थे। दोनों युवक मैनपाट घूमकर अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और मोड़ पर आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर पक्की सड़क पर जा गिरे। अर्जुन विश्वकर्मा और गुड्डू मांझी की मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई तीसरे युवक की सांस
हादसे की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल विफल कुमार माझी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त घूमने के लिए मैनपाट गए थे और रात में घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
हेलमेट नहीं पहनना बना मौत की सबसे बड़ी वजह CG Road Accident
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट (Helmet) नहीं पहन रखा था। टक्कर के बाद सड़क पर सिर के बल गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय मौसम पूरी तरह साफ था और सड़क पर धुंध जैसी कोई स्थिति नहीं थी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
NH-43 पर ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर
एक अन्य हादसा अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर सेदम बाजार के पास हुआ। देवरी निवासी रीता एक्का (48) अपने पति सुखन एक्का के साथ मोटरसाइकिल से सीतापुर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रीता एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील- हेलमेट पहनें, रफ्तार पर रखें नियंत्रण CG Road Accident
लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर ही सफर करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश गंभीर हादसों में हेलमेट नहीं पहनने और तेज रफ्तार के कारण जानमाल का नुकसान हो रहा है। लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
