BJYM ने राज्य सरकार से मांगा छेरछेरा, PCC अध्यक्ष ने दिया जवाब….

रायपुर/नवप्रदेश। BJYM Chherchhera : छत्तीसगढ़ में छेरछेरा का विशेष महत्व होता है। इस पर्व को दान पुण्य से जोड़कर मनाया जाता है। भाजयुमो ने भी इस पर्व पर युवाओं के लिए सरकार से दान मांगा और प्रदर्शन भी किया। पूरे प्रदेश में सभी जिला मुख्यलयों में इसी प्रकार रोज़गार और बेरोजगारी भत्ते की मांग की गई।

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राज्य सरकार से युवाओं को रोजगार देने दान मांगा यानी सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा राज्य सरकार के खिलाफ छेरछेरा के पर्व पर बेरोजगारों को नौकरी देने के लिए छेरछेरा मांगने निकली थी। मोर्चा के पदाधिकारियों ने अपने हाथ में एक झोला रखा था और सरकार से बाकायदा युवाओं के लिए रोजगार मांगते दिखाई दिए।

युवा मोर्चा ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में सरकार के खिलाफ छेरछेरा प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर में भी भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के अग्रसेन चौक पर बैठकर सरकार से रोजगार देने के लिए दान मांगा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने साफ तौर पर प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ाने का सरकार पर आरोप लगाया है।

BJYM Chherchhera

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में आई थी तो उस समय कहा गया था कि बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा, जो उनके घोषणा पत्र में भी शामिल था। लेकिन कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को ही दरकिनार करते हुए 3 साल बीत जाने के बाद भी न तो बेरोजगारों को भत्ता दिया और ना ही प्रदेश में युवाओं को रोजगार मिला। ऐसे में आज छेरछेरा पर्व जो प्रदेश का पारंपरिक पर्व है जिसमें दान मांगा जाता है इसमें हम युवाओं के लिए सरकार से रोजगार का दान मांगने निकले हैं।

PCC अध्यक्ष ने कसा तंज

भाजयुमो के प्रदर्शन पर पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि बीते 15 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर दिया, अब वे स्वयं ही बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में बीते 3 सालों में युवाओं को लगातार रोजगार मिल रहा है। यही कारण है कि प्रदेश में बेरोजगारी का स्तर लगातार घटता हुआ दिखाई दे रहा है जिसे केंद्र सरकार ने भी स्वीकार किया है। ऐसे में भाजयुमो का प्रदर्शन महज दिखावा ही है।

Exit mobile version