BJP’s Parivartan Yatra In Raipur : मीनाक्षी लेखी और मनोज तिवारी समेत 3 केंद्रीय मंत्री भी हुए शामिल

बुलडोज़र से स्वागत, बीजेपी की परिवर्तन यात्रा आज रायपुर के इन रास्तों से होकर निकली

रायपुर/नवप्रदेश। BJP’s Parivartan Yatra In Raipur : रायपुर में परिवर्तन यात्रा भाटापारा से पहुंच रही है। इससे पहले वहां 25 सितंबर को बड़ी सभा भी हुई थी। परिवर्तन यात्रा में बुलडोजर से स्वागत का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। रायपुर शहर में 16 मंडलों के लाेग यात्रा में शामिल होंगे।

केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी, केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान, केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री नारायण स्वामी, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भागवत कृष्ण कराड और लोकसभा सांसद व भोजपुरी एक्टर-सिंगर मनोज तिवारी राजधानी पहुंचें हैं।

शहर में प्रवेश करने पर 500 की संख्या में युवा नेता बाइक रैली के साथ यात्रा का स्वागत करेंगे। परिवर्तन यात्रा में सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत, भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती पटेल अपने समर्थकों के साथ शामिल हैं।

भाजपा सहित मोर्चा प्रकोष्ठों को रायपुर में बड़ी भीड़ जुटाने का जिम्मा दिया गया है। चुनावी माहौल में भाजपा शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के साथ केंद्रीय मंत्री भागवत कराड रायपुर में यात्रा की अगुवाई करेंगे।

बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा राजधानी पहुंचने वाली है। परिवर्तन यात्रा का 100 से ज्यादा जगहों पर स्वागत करने की तैयारी है।

यात्रा रथ का ये रूट

यात्रा रथ रायपुर सीमा के धरसींवा में सुबह 11:30 बजे पहुंची। आम सभा के बाद दोपहर 2:00 बजे रायपुर ग्रामीण विधानसभा के बंजारी माता मंदिर के पास से रोड शो शुरू होगा।

रायपुर ग्रामीण के बुधवारी बाजार, खमतराई बाजार, रायपुर के दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लाखे नगर चौक होते हुए सिटी कोतवाली पचपेड़ी नाका से रायपुर उत्तर के श्याम नगर गुरुद्वारा पहुंचेगी।

इसके बाद अशोका टावर, लोधी पारा चौक, पीली बिल्डिंग और फाफाडीह होते जयस्तंभ चौक पहुंचेगी। यहां रोड शो किया जाएगा। यात्रा भाटापारा से सिमगा, धरसीवां होते हुए राजधानी रायपुर पहुंचेगी। पहली परिवर्तन यात्रा में अब तक 1500 किमी का सफर, 43 आमसभा और 32 स्वागत सभा हो चुकी है।

Exit mobile version