- पहले बारिश और बाढ़ ने उजाड़ी हजारों एकड़ की फसल, अब अकवान की चेतावनी
- कटाई के बाद भी किसानों को नहीं मिली राहत, मिंडाई और खरीदी की तैयारी अधर में
अनिल सामंत
जगदलपुर/नवप्रदेश। बस्तर के किसानों की मुश्किलें (Bastar Cyclone Alert) कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले बेमौसम बारिश और बाढ़ ने हजारों एकड़ में खड़ी फसल को बर्बाद किया,फिर मौसम की मार से उबरकर किसानों ने धान कटाई शुरू की तो अब तीसरे चक्रवाती तूफान अकवान की आहट ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह तूफान 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट से टकराने वाला है। इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में बस्तर के किसानों की नजरें आसमान पर टिकी हैं।
बस्तर (Bastar Cyclone Alert) में बड़ी संख्या में किसान धान की कटाई कर चुके हैं, जबकि करीब 5 से 10 प्रतिशत किसान अभी भी कटाई में जुटे हैं। लेकिन कटाई पूरी होने का मतलब फसल का सुरक्षित होना नहीं है। यहां की परंपरा के अनुसार किसान कटे हुए धान को पहले अपने कोठार में रखते हैं। इसके बाद धान की मिंडाई और सुखाई कर आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर बेचते हैं। फिलहाल अधिकांश किसानों ने धान की मिंडाई तक नहीं की है। ऐसे में यदि लगातार बारिश हुई तो खेतों में कटी फसल के साथ कोठारों में रखे धान के भी भीगने और खराब होने का खतरा है।
दोहरी मार के बाद तीसरे संकट की चिंता
किसानों की परेशानी (Bastar Cyclone Alert) इसलिए भी गंभीर है क्योंकि वे पहले ही मौसम की दोहरी मार झेल चुके हैं। भारी बारिश और बाढ़ ने हजारों एकड़ की फसल को नुकसान पहुंचाया। कई किसानों की महीनों की मेहनत पानी में बह गई। अब जो फसल बची है, उसे सुरक्षित घर लाने और बेचने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही मौसम ने फिर चिंता में डाल दिया है। किसानों को आशंका है कि बारिश ने साथ नहीं दिया तो उनकी बची हुई उपज भी संकट में पड़ सकती है।
प्रशासन के सामने किसानों की उपज बचाने की चुनौती
भारत मौसम विज्ञान विभाग (Bastar Cyclone Alert) के 17 नवंबर के पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को व्यापक वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तूफान के तट से टकराने के समय आंध्र प्रदेश में हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
क्या प्रशासन पहले से तैयारी करेगा?
ऐसे हालात में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल मौसम की निगरानी नहीं,बल्कि किसानों की बची हुई उपज को सुरक्षित रखने की भी है। धान खरीदी केंद्रों की तैयारी,तिरपाल और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था तथा गांवों में किसानों को समय रहते मौसम की जानकारी देना जरूरी है। सवाल यह है कि क्या इस बार प्रशासन किसानों की फसल को नुकसान से बचाने के लिए पहले से तैयारी करेगा,या फिर किसान एक बार फिर प्रकृति की मार झेलने को मजबूर होंगे?
तथ्य की महत्वपूर्ण पुष्टि
मौसम विभाग के 17 नवंबर के दोपहर 1:30 बजे जारी बुलेटिन में छत्तीसगढ़ में 20-21 नवंबर को व्यापक वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की झोंकेदार हवाओं की भी चेतावनी है। हालांकि बुलेटिन में बस्तर को अलग से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र घोषित नहीं किया गया है। इसलिए खबर में बस्तर के संभावित कृषि नुकसान को स्थानीय चिंता और जोखिम के रूप में रखा गया है।
