बगिया बैराज सिंचाई परियोजना से जशपुर के 13 गांवों में आएगी खुशहाली, 3,921 किसानों को मिलेगा लाभ

जशपुर/रायपुर। जशपुर जिले के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 9 नवंबर को जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को खरीफ के साथ रबी की फसल लेने में भी मदद मिलेगी और वर्ष में एक से अधिक फसल उगाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था

परियोजना की सबसे खास विशेषता आधुनिक तकनीक आधारित सिंचाई व्यवस्था है। इसके तहत किसान मोबाइल माध्यम से सिंचाई व्यवस्था का संचालन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में इस प्रकार की आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहली परियोजना है। इससे जल प्रबंधन आसान और प्रभावी होगा तथा किसानों को जरूरत के अनुसार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को मौसम और बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना पूरी होने से यह निर्भरता कम होगी और किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं मिलें, खेती की लागत कम हो और उनकी आमदनी में निरंतर वृद्धि हो। समय पर पानी उपलब्ध होने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और क्षेत्र में खेती-किसानी को नई मजबूती मिलेगी।

मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में बनेगा बैराज

उल्लेखनीय है कि बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। इस परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।

परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलने के साथ किसानों के लिए सालभर खेती करने के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने भूमिपूजन के अवसर पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की आधारशिला है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version