Baby Elephant Rescue: 19 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी के बीच चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 12 दिन के शावक को सुरक्षित बचाया

17 हाथियों के झुंड के बीच तीन घंटे तक चला चुनौतीपूर्ण अभियान, शावक को उसकी मां से मिलाया

अम्बिकापुर/नवप्रदेश। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत (Baby Elephant Rescue) ग्राम अलकापुरी में शुक्रवार रात वन विभाग की टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 12 दिन के नन्हे हाथी के शावक को सुरक्षित बचा लिया। करीब पांच फीट गहरी नाली में फंसे शावक को निकालने के लिए लगभग तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान सबसे बड़ी चुनौती मौके पर मौजूद 17 हाथियों का झुंड था, जिसमें 19 लोगों की जान ले चुका कबरा हाथी भी शामिल था।

जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल जंगल में विचरण कर रहा था। इसी दौरान झुंड के साथ चल रहा महज 12 दिन का शावक अचानक पांच फीट गहरी नाली में गिर गया। शावक के चारों पैर और सूंड ऊपर की ओर थे। कम उम्र और नाली की गहराई के कारण वह खुद बाहर निकलने में असमर्थ था। शावक के फंसने से उसकी मां लगातार चिंघाड़ रही थी, जिससे आसपास का जंगल गूंज उठा।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। लेकिन शावक को बचाने के लिए नाली तक पहुंचना आसान नहीं था। चारों तरफ हाथियों का झुंड मौजूद था। विशेष रूप से कबरा हाथी की मौजूदगी के कारण वनकर्मियों को बेहद सतर्कता बरतनी पड़ रही थी। यह वही हाथी है, जिसके हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है।

ऐसे संवेदनशील हालात में वन विभाग की टीम ने धैर्य और सावधानी के साथ रेस्क्यू की रणनीति बनाई। उल्लेखनीय बात यह रही कि कबरा हाथी ने इस दौरान वन अमले पर हमला नहीं किया। झुंड की मौजूदगी के बीच कर्मचारियों ने लगातार प्रयास जारी रखे और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद नन्हे हाथी को उसकी मां और झुंड के पास पहुंचाया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर मां हाथी के साथ झुंड में भी हलचल देखने को मिली। शावक के सकुशल झुंड में लौटने के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।

पूरे रेस्क्यू अभियान की गतिविधियां ड्रोन कैमरे में भी कैद हुई हैं। यह घटना वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में वन विभाग की सतर्कता और मानवीय प्रयासों का उदाहरण बन गई है।

↑
Exit mobile version