Atal Utkrisht Shiksha Yojana: अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 12 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

रायपुर, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 12 जुलाई 2026 कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित थी।

योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी एवं प्रतिभाशाली बच्चों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना है।

निजी आवासीय विद्यालयों में मिलेगी निःशुल्क शिक्षा

योजना के तहत विद्यार्थियों की पढ़ाई का पूरा शुल्क, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री तथा अन्य आवश्यक खर्च का वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।

अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभ देने के लिए बढ़ाई समय-सीमा

मंडल ने अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई है। सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपने पात्र बच्चों का ऑनलाइन आवेदन 12 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से करें।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन की सुविधा

इच्छुक अभ्यर्थी श्रम विभाग के पोर्टल https://shramevjayate.cg.gov.in/shramik पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, श्रमेव जयते ऐप और पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

Exit mobile version