छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मैच जियोहॉटस्टार पर होंगे प्रसारित

रायपुर. छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। 22 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाली इस लीग के 18 रोमांचक मैच प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इससे रायपुर के मैदान पर होने वाले मुकाबलों को देश-दुनिया के दर्शक देख सकेंगे।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया से मान्यता मिली है। यह देश की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसमें प्रदेश के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता लीग प्रारूप में होगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल मुकाबला एक नवंबर को खेला जाएगा।

लीग में भारतीय हॉकी के कई अनुभवी और चर्चित खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम प्रमुख हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे।

पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ पहले दिन महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रदर्शनी मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि मुकाबलों के सीधे प्रसारण से लीग को व्यापक पहचान मिलेगी और उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रतियोगिता के सभी मैच हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में देखे जा सकेंगे।

‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ की टैगलाइन के साथ आयोजित इस लीग का लक्ष्य प्रदेश में हॉकी का माहौल मजबूत करना, नई प्रतिभाओं को अवसर देना और राष्ट्रीय खेल के विकास को गति देना है।

↑
Exit mobile version