ACB Raid Chhattisgarh : सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB Raid Chhattisgarh) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। यह कार्रवाई होते ही जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बीएमओ डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल ने अपने ही कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 उमेश कुमार चंद्र से यात्रा भत्ता 81,000 रुपए पास करने के एवज में 15,000 की रिश्वत की मांग की थी। इस बात से परेशान होकर लिपिक उमेश कुमार ने एसीबी बिलासपुर (ACB Raid Chhattisgarh) में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को डभरा स्थित बीएमओ कार्यालय में उन्हें रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसीबी टीम ने मौके से नकदी बरामद की है और बीएमओ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी लंबे समय से कर्मचारियों से फाइल पास करने के नाम पर धन की मांग करता था। एसीबी की टीम ने कार्यालय के दस्तावेज और कुछ रजिस्टर भी जब्त किए हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों (ACB Raid Chhattisgarh) ने बताया कि यह कार्रवाई सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश है। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी यदि रिश्वत लेते हुए पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपी बीएमओ को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
इस कार्रवाई को प्रदेश में चल रहे भ्रष्टाचार-विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है, तो तत्काल एसीबी की हेल्पलाइन 0771-2430792 या टोल फ्री नंबर 1800-233-6763 पर संपर्क करें।
